मौसम क्रिकेट ईरान इस्राइल युद्ध मेले और त्यौहार स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल आध्यात्मिक

सुंदरनगर के विकास पर कांग्रेस की अदृश्य साजिश बेनकाब, 77 टेंडर रद्द करना लोकतंत्र पर सीधा हमला : राकेश जमवाल

फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने नगर परिषद सुंदरनगर में विकास कार्यों से जुड़े 77 टेंडरों को बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के रद्द किए जाने को कांग्रेस सरकार की विकास विरोधी मानसिकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला न तो नियमों के अनुरूप है और न ही नगर परिषद हाउस की अनुमति से लिया गया है।
नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए राकेश जमवाल ने कहा कि ये टेंडर पहले 12 तारीख को खोले जाने थे, लेकिन कार्यकारी अधिकारी ने एकतरफा नोटिस जारी कर इन्हें 16 तारीख को खोलने की तिथि तय कर दी। 16 तारीख को नगर परिषद अध्यक्ष पूरे दिन कार्यालय में मौजूद रहे, इसके बावजूद कार्यकारी अधिकारी ने व्हाट्सएप संदेश भेजकर टेंडर रद्द होने की सूचना दे दी, जो पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया का मज़ाक उड़ाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि विशेष बैठक में यह तथ्य भी सामने आया कि टेंडर रद्द करने से पहले न तो कोई आधिकारिक नोटिंग की गई, न ही नगर परिषद हाउस से अनुमति ली गई और न ही किसी प्रकार की वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया गया। यह साफ दर्शाता है कि पूरा फैसला दबाव में और दुर्भावना से प्रेरित होकर लिया गया।
राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि नगर परिषद का कार्यकाल समाप्ति की ओर है और अगले लगभग पाँच महीनों तक नए चुनाव होने तक कोई नया विकास कार्य शुरू नहीं हो पाएगा। ऐसे संवेदनशील समय में टेंडरों को रद्द करना सुंदरनगर के विकास को जानबूझकर रोकने की साजिश है।
उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार और सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं के दबाव में आकर नगर परिषद के माध्यम से होने वाले विकास कार्यों को बाधित किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र में कोई भी बड़ा नया विकास कार्य शुरू नहीं हुआ और अब भाजपा समर्थित नगर परिषद के माध्यम से जो विकास कार्य हो रहे थे, उन्हें भी रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षदों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इन सभी ने मिलकर सुंदरनगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए ईमानदारी से काम किया है, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद कुछ अदृश्य और असंवैधानिक ताकतें नगर परिषद की वैधानिक शक्तियों को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि दो दिनों के भीतर सभी रद्द किए गए टेंडरों को खोला जाएगा, ताकि शहर के विकास कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सकें।
राकेश जमवाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि भाजपा न तो नगर परिषद की शक्तियों से समझौता करेगी, न लोकतांत्रिक व्यवस्था से और न ही सुंदरनगर के विकास से। जो सही है उसे सही और जो गलत है उसे गलत कहा जाएगा और कांग्रेस की विकास विरोधी राजनीति को जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब किया जाएगा।

You cannot copy content of this page