फ्रंट पेज न्यूज़ शिमला।
हिमाचल प्रदेश में गणतंत्र दिवस से ठीक पहले एक सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है। शिमला के उपायुक्त (डीसी) की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ है, जिसमें कहा गया है कि यदि मुख्यमंत्री गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराने आए तो उन पर ‘मानव बम’ से हमला किया जाएगा। इस धमकी के सामने आते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही यह ईमेल प्रशासन के संज्ञान में आया, तुरंत पुलिस और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। शिमला सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। गणतंत्र दिवस समारोह स्थल, मुख्यमंत्री की गतिविधियों और वीआईपी मूवमेंट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
हालांकि शुरुआती जांच में इसे फर्जी धमकी (होअक्स) मानकर भी देखा जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम उठाने के मूड में नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि ईमेल भेजने वाले की तकनीकी जांच (साइबर ट्रैकिंग) की जा रही है और आईपी एड्रेस समेत तमाम डिजिटल सुराग जुटाए जा रहे हैं।
दरअसल, देश में इस तरह की फर्जी धमकियों का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। कभी अदालतों को उड़ाने की धमकी, कभी एयरपोर्ट को, तो कभी बड़े नेताओं को निशाना बनाने की बातें—इन सबका एक ही मकसद होता है: दहशत फैलाना और प्रशासन को परेशान करना। लेकिन कानून की नजर में यह कोई मजाक नहीं, बल्कि गंभीर आपराधिक कृत्य है, जिसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हैं। कुछ लोग इसे बेरोजगारी और कुंठा का नतीजा बता रहे हैं, तो कुछ इसे सिर्फ सस्ती सनसनी फैलाने की कोशिश मान रहे हैं। लेकिन सच्चाई यही है कि ऐसी धमकियां सुरक्षा व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव डालती हैं और जनता में डर का माहौल पैदा करती हैं।

इसी बीच सोशल मीडिया और आम बातचीत में हल्के-फुल्के अंदाज में लोग यह भी कह रहे हैं कि कल ही ‘महाबली’ खली और मुख्यमंत्री की मुलाकात हुई थी, जिन्होंने बड़े-बड़े पहलवानों को धूल चटाई है, तो ऐसे ‘मानव बम’ की औकात ही क्या है—किसी ने मजाक में यहां तक कह दिया कि खली को ही मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात कर देना चाहिए।
हालांकि हकीकत यह है कि मामला मजाक का नहीं, बल्कि राज्य की सुरक्षा से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है।
फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां हर एंगल से जांच में जुटी हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि गणतंत्र दिवस समारोह पूरी सुरक्षा और सतर्कता के साथ आयोजित किया जाएगा, और किसी भी तरह की अफवाह या धमकी को हल्के में नहीं लिया जाएगा। दोषी चाहे कोई भी हो, उसे जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।














