फ्रंट पेज न्यूज़आनी (कुल्लू):
उपमंडल आनी के सीरीगढ़ क्षेत्र दलाश के अंतर्गत ग्राम चपोहल में आयोजित श्रीराम चरित मानस कथा इन दिनों पूरे क्षेत्र को भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंग रही है। गत रविवार से शुरू हुई इस दिव्य कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

कथावाचक व्यास आचार्य डॉ. दयानंद गौतम ने अपने मुखारविंद से कथा का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए शिव-पार्वती विवाह, सती चरित्र, नारद मोह तथा भगवान श्रीराम के अवतार की कथा सुनाई। उन्होंने नारद जी के अहंकार के दमन और भगवान शिव की महिमा का मार्मिक वर्णन किया, वहीं माता सती द्वारा भगवान राम की परीक्षा लेने के प्रसंग के माध्यम से श्रद्धा और विश्वास के महत्व को स्पष्ट किया।

आचार्य गौतम ने बताया कि जब रावण के अत्याचार बढ़े और देवताओं ने भगवान से प्रार्थना की, तब भगवान विष्णु ने श्रीराम के रूप में अवतार लेकर धर्म की स्थापना की। उन्होंने अपने प्रवचन में यह संदेश दिया कि ईश्वर की कृपा उन्हीं पर होती है, जिनके मन में छल, कपट और द्वेष नहीं होता। सच्चे हृदय से की गई भक्ति ही जीवन को भवसागर से पार लगाने का मार्ग बनती है।

कथा के दूसरे दिन मुख्यातिथि के रूप में एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के पूर्व चेयरमैन तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव यूपेंद्र कांत मिश्रा ने शिरकत की। उनके साथ पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी बंसी लाल, वरिष्ठ प्रवक्ता चंद्र मोहन सूद, सतपाल ठाकुर, अनिल ठाकुर, आशीष ठाकुर, संजीव शर्मा, राकेश शर्मा और राम कृष्ण सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कथा आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया।


इस अवसर पर मुख्यातिथि यूपेंद्र कांत मिश्रा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि युवा पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं और मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।

पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं




















