मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

नशे के खिलाफ जंग तेज: CCTNS-ICJS में अव्वल हिमाचल, पुलिस बेड़े में शामिल हुईं 18 आधुनिक गाड़ियां

फ्रंट पेज न्यूज़ शिमला। हिमाचल प्रदेश ने पुलिसिंग और तकनीकी एकीकरण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए CCTNS और ICJS सिस्टम में पर्वतीय व उत्तर-पूर्वी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसी उपलब्धि के बीच मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य सचिवालय शिमला से पुलिस विभाग के 18 अत्याधुनिक एंटी-चिट्टा और पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बेड़े में 12 एंटी-चिट्टा वाहन, 4 एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग वाहन और 2 रेस्क्यू एंबुलेंस शामिल हैं, जिन्हें त्वरित कार्रवाई और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में तकनीक की भूमिका बेहद अहम है और राज्य सरकार पुलिस विभाग को स्मार्ट उपकरणों, आधुनिक वाहनों, डिजिटल सर्विलांस सिस्टम और एडवांस कम्युनिकेशन टूल्स से सशक्त बना रही है ताकि अपराध पर तेजी से नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने कहा कि ये नए वाहन न केवल नशा तस्करी पर रोक लगाने में मदद करेंगे बल्कि पेट्रोलिंग, निगरानी और क्विक रिस्पॉन्स सिस्टम को भी मजबूत करेंगे, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता और पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार एक टेक्नोलॉजी-सक्षम, जवाबदेह और जनता-मित्र पुलिस व्यवस्था की दिशा में लगातार काम कर रही है और इसके लिए आधुनिकीकरण, प्रशिक्षण और संसाधनों के विस्तार पर चरणबद्ध तरीके से फोकस किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि युवाओं को नशे से बचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी दिशा में पुलिस बल को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल पुलिस ने हाल के वर्षों में कई बड़े ड्रग नेटवर्क तोड़े हैं, करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की है और अनेक तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है, जबकि NDPS एक्ट और PIT NDPS जैसे सख्त कानूनों के तहत ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पुलिस कर्मियों के मनोबल और करियर ग्रोथ पर विशेष ध्यान दे रही है और बीते एक साल में 274 कांस्टेबल, 98 इंस्पेक्टर, 225 सब-इंस्पेक्टर, 225 असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर सहित अन्य कैडर के 95 और ड्राइवर कैडर के 31 कर्मियों को पदोन्नति दी गई है, जिससे बल का मनोबल और नेतृत्व क्षमता दोनों मजबूत हुई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि CCTNS में हिमाचल प्रदेश ने पर्वतीय व उत्तर-पूर्वी राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है और ICJS में भी राज्य अपनी श्रेणी में अव्वल रहा है, जबकि ITSSO सिस्टम में 93 प्रतिशत से अधिक की अनुपालन दर दर्ज की गई है, जो यह दर्शाता है कि हिमाचल पुलिस तेजी से आधुनिक, सक्षम और परिणामोन्मुख बन रही है। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page