फ्रंट पेज न्यूज़ शिमला।
डा. राजीव बिंदल ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की ओर से कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी और कांग्रेस विधायक मिलकर बीपीएल सूची पर कैंची चला रहे हैं, जिससे वास्तविक गरीब परिवारों का हक छीना जा रहा है। उन्होंने इसे गरीबों के साथ “प्रशासनिक तानाशाही” करार दिया।
शिमला से जारी बयान में डा. बिंदल ने कहा कि बीपीएल चयन के लिए नए-नए नियम बनाकर और बिना किसी पारदर्शी प्रक्रिया के जिलाधीशों के माध्यम से आनन-फानन में नाम काटे जा रहे हैं। कई जिलों में प्रकाशित बीपीएल सूचियों में 90 प्रतिशत तक पुराने बीपीएल परिवारों के नाम गायब कर दिए गए हैं, जो अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है।
पंचायती राज को दरकिनार करने का आरोप
डा. बिंदल ने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया गया। न तो ग्राम सभाओं में कोई बैठक बुलाई गई और न ही जमीनी सच्चाई जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा तथ्यों और प्रभावित परिवारों की सूची के साथ यह आरोप सार्वजनिक रूप से रख रही है।
नाहन सहित कई पंचायतों के नाम गिनाए
उन्होंने दावा किया कि नाहन विकास खंड सहित विभिन्न पंचायतों में अनेक वास्तविक गरीब परिवारों के नाम बीपीएल सूची से हटाए गए हैं। इनमें आशा देवी (पत्नी जिया राम), सद्दीक (पुत्र नूर मुहम्मद), पार्वती देवी (पत्नी स्व. महिपाल), रजनी (पत्नी स्व. राजवीर), अनीता देवी (पत्नी स्व. मान सिंह), निश्चा देवी (पत्नी स्व. सलिन्द्र सिंह), जतीन चौहान (पुत्र स्व. निर्मल सिंह), नीलम ठाकुर (पत्नी स्व. सुरजन सिंह), अलखदेव सिंह (पुत्र पनराम), राजेंद्र सिंह (पुत्र स्व. बलदेव सिंह), बनारसी दास (पुत्र आशुराम), जाहिदा (पत्नी स्व. नजीर), कमला देवी (पत्नी हंसराज) और जद्वी देवी (पत्नी स्व. ओम पाल सिंह) सहित दर्जनों नाम शामिल बताए गए।
“जनहित से ध्यान भटकाने के हथकंडे”
डा. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार अत्यंत निर्धन परिवारों के साथ ऐसा रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनहित के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भूख हड़ताल जैसे “राजनीतिक नाटक” कर रही है।
मनरेगा ठप, नई योजना शुरू नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रदेश में मनरेगा के कार्य लगभग ठप कर दिए गए हैं और केंद्र सरकार द्वारा लाई गई वी.बी.-जी राम जी योजना को भी अब तक शुरू नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गरीबों के साथ यह अन्याय नहीं रुका तो भाजपा इसे सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगी।
बीपीएल पर ‘कैंची’ से गरीबों का हक छीना जा रहा है: डा. राजीव बिंदल का सुक्खू सरकार पर तीखा हमला












