मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

बठाहड़ में ‘प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां ने सुनी जनसमस्याएं

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के दूर-दराज क्षेत्र बठाहड़ में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी पहल प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का आज सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकार की ओर से राम सिंह मियां, अध्यक्ष एपीएमसी जिला कुल्लू एवं लाहौल–स्पीति, स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बंजार प्रशासन द्वारा लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, बठाहड़ में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य तीर्थन क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों की जनसमस्याओं को एक मंच पर सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा उपमंडल स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी–कर्मचारी मौजूद रहे।


कार्यक्रम की अध्यक्षता नीरज शर्मा, तहसीलदार बंजार ने की। इस अवसर पर उपमंडल स्तर के सभी विभागों के अधिकारी–कर्मचारी तथा कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण व मरम्मत, पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था, पुल निर्माण, रेस्ट हाउस, सुरक्षा दीवार, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, शिक्षा तथा सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़े कई मुद्दे लिखित व मौखिक रूप में रखे। कार्यक्रम में कुल 13 लिखित शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि कुछ मौखिक शिकायतें भी सामने आईं। इनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया और शेष मामलों पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


प्रशासन की ओर से एक्सईएन जल शक्ति विभाग लारजी, एसडीओ लोक निर्माण विभाग बंजार, एसडीओ जल शक्ति विभाग बंजार, थाना प्रभारी बंजार, एसडीओ बिजली विभाग बंजार, पथ परिवहन अड्डा प्रभारी बंजार, सीडीपीओ बंजार, एडीपीओ बंजार तथा ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क (शाईरोपा) के अधिकारी–कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


स्थानीय जनप्रतिनिधियों में ग्राम पंचायत मशयार की प्रधान शांता देवी, ग्राम पंचायत शिल्ली की प्रधान शेतू देवी, ग्राम पंचायत शर्ची की प्रधान रामेश्वरी ठाकुर, ग्राम पंचायत शिल्ली के उप-प्रधान मोहर सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत तुंग की पूर्व प्रधान रोशनी देवी मौजूद रहीं। इसके अलावा बंजार कांग्रेस के नेता टी.सी. महंत, गुमत राम, बली राम, धनेश्वर प्रसाद डोड, पूर्व प्रधान खूब राम और समाजसेवी पूर्ण चंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि जनता को अपनी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि ‘प्रशासन गांव की ओर’ जैसे कार्यक्रम प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निपटारा करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि भविष्य में तीर्थन घाटी सहित उपमंडल बंजार के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें घर-द्वार पर ही प्रशासन से सीधे संवाद का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कुछ ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इससे पहले गुशैनी और शर्ची में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित हो चुके हैं, जिनमें सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश, भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौजूद रहे थे। हालांकि, उस दौरान उठाई गई कुछ समस्याओं का समाधान अभी तक लंबित है, जिससे प्रशासनिक कार्यशैली पर भरोसा प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की कि दूर-दराज क्षेत्रों में इस तरह के कार्यक्रम नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाएं, ताकि जनसमस्याओं का समाधान समयबद्ध रूप से हो सके।

You cannot copy content of this page