Site icon

बंजार व्यापार मंडल ने एसडीएम से की संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग, व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
बंजार व्यापार मंडल द्वारा आयोजित सामान्य सभा की बैठक में क्षेत्र के विभिन्न बाजारों से आए व्यापारियों ने अपनी गंभीर और लंबे समय से लंबित समस्याओं को एकजुट होकर उठाया। बैठक में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-305 (एनएच-305) की बदहाल स्थिति, नगर पंचायत से जुड़ी स्वच्छता व कचरा निस्तारण की दिक्कतें तथा यातायात और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रमेश शर्मा ने कहा कि वर्ष 2023 से एनएच-305 की स्थिति अत्यंत खराब बनी हुई है। सड़क की दुर्दशा के कारण बंजार बाजार क्षेत्र में भारी मात्रा में धूल उड़ रही है, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ा है। इसका सीधा असर न केवल व्यापार पर पड़ रहा है, बल्कि राहगीरों और स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से लोअर बाजार (वार्ड नंबर-1, अनसेफ क्षेत्र) का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां कचरा निस्तारण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बार-बार शिकायतों और अवगत करवाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे अस्वच्छता फैल रही है और जनस्वास्थ्य को खतरा उत्पन्न हो रहा है।
यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई कि बंजार की संकरी सड़कें मौजूदा यातायात दबाव के अनुरूप नहीं हैं। ऐसे में दुकानों के समीप खड़े ग्राहकों के वाहनों के बार-बार चालान करना व्यावहारिक समाधान नहीं है। व्यापारियों का कहना है कि पर्याप्त पार्किंग और सुनियोजित ट्रैफिक प्लान के बिना केवल दंडात्मक कार्रवाई से समस्या और बढ़ेगी।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन सभी मुद्दों के समाधान के लिए उप-मंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार से आग्रह किया जाएगा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर पंचायत, पुलिस विभाग और बंजार व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए। व्यापारियों को उम्मीद है कि आपसी समन्वय से व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकल सकेगा और बंजार बाजार की समस्याओं का ठोस निवारण होगा।

Exit mobile version