फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
बंजार नगर के व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर आज उपमंडल अधिकारी (ना.) बंजार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार मंडल बंजार, नगर पंचायत, पुलिस विभाग, एनएच-305 (PWD/NH प्राधिकरण) तथा जल शक्ति (आईपीएच) विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में व्यापार मंडल बंजार के प्रधान परमेश शर्मा ने व्यापारियों की ओर से प्रमुख समस्याएं रखते हुए कहा कि एनएच-305 पर घेलिगाड़ से लेकर जीरो प्वाइंट सिधवां तक सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, जिससे धूल, गड्ढों और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने सड़क के नियमित रखरखाव, नालियों की पुख्ता व्यवस्था तथा पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित करने की मांग रखी, ताकि सड़कों पर जलभराव न हो और यातायात व व्यापार सुचारु रूप से चलता रहे।
नगर पंचायत से नगर क्षेत्र की नियमित सफाई, प्रतिदिन झाड़ू लगाने तथा नालियों की निरंतर सफाई की मांग की गई। वहीं जल शक्ति विभाग से आग्रह किया गया कि नालियों में बिछी पाइप लाइनों को सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि नालियां क्षतिग्रस्त न हों और पानी सड़कों पर न आए।
पुलिस विभाग के समक्ष बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम और पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। व्यापार मंडल ने कहा कि पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था के बिना किए जा रहे अनावश्यक चालान व्यापार और आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। जाम से निपटने के लिए संतुलित और व्यावहारिक व्यवस्था लागू करने पर बल दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमंडल अधिकारी (ना.) बंजार ने कहा कि “यदि सभी विभाग और व्यापारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तो बंजार को एक विकसित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर के रूप में स्थापित किया जा सकता है। आज की बैठक सार्थक और उद्देश्यपूर्ण रही है, अब आवश्यकता है कि सभी विभाग मिलकर इसे धरातल पर लागू करें।”
इस अवसर पर नगर पंचायत बंजार के उपाध्यक्ष प्रकाश विशिष्ट, एनएच विभाग से एसडीओ टहल सिंह, पुलिस विभाग से एएसआई दुर्गा दास, जल शक्ति विभाग से कनिष्ठ अभियंता श्रीमती शबनम, व्यापार मंडल बंजार के उपप्रधान नरेंद्र शौरी, महासचिव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।












