फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मंगलवार को बंजार क्षेत्र के रुके हुए विकास कार्यों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने सदन में कहा कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएँ पिछले तीन वर्षों से बजट न मिलने के कारण पूरी तरह ठप पड़ी हैं, जिससे स्थानीय जनता को लगातार असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक शौरी ने सदन को अवगत करवाया कि गाड़ागुशैनी महाविद्यालय, सैंज महाविद्यालय, बंजार अस्पताल तथा बजौरा आयुर्वेदिक अस्पताल जैसी अहम परियोजनाएँ लंबे समय से निर्माणाधीन हैं, परंतु समय पर बजट आवंटन न होने से इनमें किसी भी प्रकार की प्रगति नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी ये परियोजनाएँ क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से शुरू की गई थीं, लेकिन बजट न मिलने से इनका निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया है।
सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक शौरी ने कहा कि बंजार क्षेत्र की जनता रोजमर्रा की कठिनाइयों से जूझ रही है, परंतु सरकारी प्राथमिकताओं में इन परियोजनाओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि रुके हुए कार्यों को शीघ्र गति देने के लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था तुरंत की जाए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
विधायक ने यह भी कहा कि विकासात्मक परियोजनाओं को लंबे समय तक अधर में रखना जनता के साथ अन्याय है और सरकार को इस स्थिति की जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन कार्यों में प्रगति नहीं होती, तो वे बंजार की जनता के हितों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाते रहेंगे।












