फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार (कुल्लू)।
नववर्ष और पर्यटन सीजन के बीच बंजार घाटी इन दिनों सैलानियों से गुलज़ार है। देश-विदेश से आए पर्यटक घाटी की खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था और जर्जर सड़कों ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की परेशानी भी कई गुना बढ़ा दी है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह और जनवरी के पहले सप्ताह में यह समस्या और भी गंभीर रूप ले लेती है, जब बंजार नगर, जीभी और आसपास के इलाकों में घंटों जाम लगना आम बात हो जाती है।
बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर राज्य सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरे बंजार क्षेत्र में सड़कें बेहद जर्जर हालत में हैं, जबकि बस सेवाएँ लगभग ठप पड़ी हैं। इसके बावजूद कांग्रेस और सरकार के नुमाइंदे जमीनी समस्याओं को सुलझाने के बजाय केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर जनता का ध्यान भटकाने में लगे हुए हैं, जो सरासर राजनीतिक ढोंग है।
विधायक शौरी ने बताया कि बंजार नगर और जीभी क्षेत्र में ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूर्व जयराम सरकार के कार्यकाल में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बंजार बाईपास का निर्माण किया गया था। दुर्भाग्यवश, यह बाईपास पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है। वर्तमान सरकार न तो इसे खोलने के लिए गंभीर दिखाई देती है और न ही क्षेत्र की यातायात समस्या को लेकर कोई ठोस कदम उठा रही है। परिणामस्वरूप, बंजार को मूलभूत सुविधाओं के मामले में रामभरोसे छोड़ दिया गया है।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब क्षेत्र की सड़कें टूट चुकी हों, बसें न के बराबर चल रही हों और ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हो, ऐसे समय में बंजार कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के खिलाफ प्रदर्शन करना किसी हास्यनाट्य से कम नहीं है।
विधायक शौरी ने मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों से मांग की कि वे वर्तमान हालात में स्वयं औट से घियागी तक यात्रा करें, ताकि जमीनी हकीकत का प्रत्यक्ष अनुभव हो सके और यह समझा जा सके कि किस तरह केंद्रीय बजट का सही उपयोग नहीं किया जा रहा।
उन्होंने यह भी खुलासा किया कि बंजार विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत केंद्रीय बजट से स्तरोन्नत की जा रही चारों सड़कों पर कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। यह स्थिति राज्य सरकार की कार्यशैली और विकास के प्रति उसकी नीयत को साफ-साफ उजागर करती है।
अंत में विधायक शौरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की विकास-विरोधी नीतियों और नाकामी का जवाब जनता आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से जरूर देगी।












