मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

बंजार की टील एवं मोहनी पंचायतों को मिले सामुदायिक केंद्र भवन,विधायक शौरी ने किया लोकार्पण

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।

पंचायत कार्यकाल की समाप्ति और प्रशासनिक शून्य की स्थिति के बीच बंजार विधानसभा क्षेत्र से एक अहम विकास खबर सामने आई है। जनवरी माह के अंत के साथ ही पिछली पंचायत कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा हो चुका है और ऐसे समय में जब पंचायतें औपचारिक रूप से शक्तिविहीन होने की कगार पर हैं, तब ग्राम पंचायत टील और मोहनी को सामुदायिक केंद्र भवनों की सौगात मिलना क्षेत्र के लिए राहत और उम्मीद का संकेत माना जा रहा है।


शनिवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, बंजार से इन दोनों पंचायतों के सामुदायिक केंद्र भवनों का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर बंजार विश्राम गृह परिसर में एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत टील एवं मोहनी के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने सामुदायिक केंद्र भवनों के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने पर विधायक सुरेंद्र शौरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन भवनों से पंचायत स्तर पर सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक गतिविधियों को स्थायी मंच मिलेगा, जिससे ग्रामीण जीवन को नई दिशा मिलेगी।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक शौरी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर उन्हें धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बजट प्रावधान सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है और इस दिशा में वे लगातार प्रयासरत रहे हैं।
अपने संबोधन में विधायक शौरी ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में बंजार विधानसभा क्षेत्र में सड़क, भवन, पेयजल और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए, जिनसे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव पड़ी।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आसपास की पंचायतों के प्रधान और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक केंद्र भवन पंचायतों की रीढ़ होते हैं और इनका निर्माण लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी हुई है।

You cannot copy content of this page