फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
बंजार विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की बदहाली अब सिर्फ एक प्रशासनिक समस्या नहीं, बल्कि जनजीवन पर सीधा प्रहार बन चुकी है। क्षेत्र में सड़क व्यवस्था इस कदर चरमराई हुई है कि रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है और लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। इसी बढ़ते जनाक्रोश को लेकर बंजार से भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी ने 9 अप्रैल को सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है।

प्रेस नोट के अनुसार, बंजार क्षेत्र इस समय अपने सबसे खराब सड़क दौर से गुजर रहा है। खासकर NH-305 पर प्रतिदिन घंटों लंबे जाम लगना अब आम हो चुका है। सड़क की हालत ऐसी है कि जहां पहले सफर कुछ घंटों का होता था, वहीं अब यात्रियों को दिनभर की मशक्कत करनी पड़ रही है। मुरम्मत और निर्माण कार्य ठप पड़े हैं, जिससे समस्या और विकराल होती जा रही है।
विधायक सुरेंद्र शौरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपदा को बीते आठ महीने से अधिक समय हो चुका है, लेकिन सरकार की तरफ से अब तक कोई ठोस सुधार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है, जबकि विकास कार्यों की रफ्तार लगभग शून्य हो चुकी है।

शौरी के अनुसार, सड़कों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई बस रूट पूरी तरह बंद हो गए हैं और जहां वाहन चल भी रहे हैं, वहां हादसे का खतरा हर समय मंडरा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तृतीय चरण के तहत चार सड़कों पर कार्य जारी है, लेकिन केंद्र से पर्याप्त बजट मिलने के बावजूद राज्य स्तर पर लापरवाही के कारण निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। इसका खामियाजा सीधे तौर पर आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जो रोजाना खराब सड़कों और यातायात अव्यवस्था से जूझ रही है।

शौरी ने यह भी चेताया कि अब पीएमजीएसवाई के चौथे चरण में भी कई नई सड़क परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, लेकिन यदि राज्य सरकार का यही ढीला रवैया जारी रहा, तो इन परियोजनाओं का भी भविष्य अधर में लटक सकता है। उन्होंने इसे विकास के साथ खुला अन्याय बताते हुए कहा कि सरकार को अब जवाबदेह बनाना जरूरी हो गया है।
इसी क्रम में 9 अप्रैल को बंजार में भाजपा द्वारा एक सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद जनता के साथ मिलकर एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन के जरिए सरकार को सड़कों की बदहाली और ठप पड़े विकास कार्यों के खिलाफ कड़ा संदेश देने की तैयारी है। विधायक सुरेंद्र शौरी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि सरकार को मजबूर किया जा सके कि वह बंजार की सड़कों की हालत सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए।















