मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर बंजार में प्रशासन अलर्ट, एसडीएम सभागार में हुई समीक्षा बैठक

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार ।
भारत के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एसडीएम सभागार बंजार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा ने की। इसमें विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व होने के कारण समारोह की हर व्यवस्था में अनुशासन, स्वच्छता और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
बैठक में ध्वजारोहण कार्यक्रम, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, स्कूलों की सहभागिता, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, बिजली और पेयजल व्यवस्था, मंच एवं ध्वनि प्रणाली, अतिथियों के आमंत्रण और बैठने की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी तैयारियां तुरंत शुरू करें और यदि किसी प्रकार की कोई समस्या या अतिरिक्त आवश्यकता हो तो समय रहते प्रशासन को अवगत करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
बैठक में उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों ने भरोसा दिलाया कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया जाएगा, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह सफल, अनुशासित और यादगार बन सके।
अंत में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय पर्व को जनसहभागिता के साथ उत्साह और गर्व के साथ मनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।

You cannot copy content of this page