फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार (कुल्लू)
उपमंडल बंजार के तहत जिभी–गाड़ागुशैणी मार्ग पर 7 जनवरी 2026 को हुई मारपीट की एक गंभीर घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता लवली (22 वर्ष), जो टैक्सी नंबर HR-56C-2096 का चालक है, ने बताया कि टैक्सी को दीपक कुमार झा द्वारा चंडीगढ़ से जिभी (बंजार) आने के लिए बुक किया गया था। 7 जनवरी को जब दोनों गाड़ागुशैणी से वापस लौट रहे थे, तो वाहू नामक स्थान पर 12 से 15 अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी को रोककर दीपक कुमार झा के साथ मारपीट की। इस दौरान चालक लवली ने 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर मदद मांगी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इस घटना के बाद जब वे जिभी पहुंचे, तो दो व्यक्ति बाइक पर उनका पीछा करते हुए आए और उन्हें जबरन दोबारा गाड़ागुशैणी वापस ले गए। वहां पहले से मौजूद लोगों ने एक बार फिर दीपक कुमार झा के साथ बेरहमी से मारपीट की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल दीपक कुमार झा पुत्र विश्वजीत कुमार झा, निवासी H. No. 2390, गली नंबर 36, बी-ब्लॉक, पहला पुस्ता, सोनिया विहार, करावल नगर, जिला नॉर्थ ईस्ट दिल्ली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CH) बंजार में प्राथमिक उपचार दिलवाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल (RH) कुल्लू रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 7 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि को उनकी मौत हो गई। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 जोड़ते हुए इसे हत्या का मामला बना दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस ने अब तक मारपीट में संलिप्त 5 व्यक्तियों को डिटेन कर लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभियोग में आगामी अन्वेषण जारी है।


















