फ्रंट पेज न्यूज़बंजार (कुल्लू):
नागरिक अस्पताल बंजार से चार चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर अन्य स्थानों पर भेजे जाने के फैसले ने क्षेत्र में जबरदस्त नाराजगी पैदा कर दी है। इसी मुद्दे को लेकर बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी ने आज अस्पताल परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
धरने में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लेकर सरकार के फैसले का विरोध जताया।
विधायक शौरी ने कहा कि बंजार जैसे दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र में पहले ही स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर बाहर भेजना सीधे-सीधे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक तरफ व्यवस्था परिवर्तन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को कमजोर किया जा रहा है।
गौरतलब है कि नागरिक अस्पताल बंजार के नए भवन का निर्माण कार्य लंबे समय से बेहद धीमी गति से चल रहा है। इस मुद्दे को लेकर विधायक सुरेंद्र शौरी पहले भी सरकार और स्वास्थ्य विभाग को घेरते रहे हैं। अब अस्पताल में तैनात विशेषज्ञ चिकित्सकों को बाहर भेजे जाने से हालात और गंभीर हो गए हैं।
बीते कल एक और चिकित्सक के प्रतिनियुक्ति आदेश जारी होने के बाद कुल चार डॉक्टर बंजार अस्पताल से बाहर भेजे जा चुके हैं। इसका सीधा असर स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा है और मरीजों को इलाज के लिए कुल्लू या अन्य दूरस्थ स्थानों की ओर रुख करना पड़ रहा है।
धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक शौरी ने स्वास्थ्य विभाग से सभी प्रतिनियुक्ति आदेशों को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही चिकित्सकों को वापस नहीं भेजा, तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि बंजार क्षेत्र की लगातार हो रही अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्वास्थ्य व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं होगा।




























