मौसम क्रिकेट ईरान इस्राइल युद्ध मेले और त्यौहार स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल आध्यात्मिक

हिंदू जीवन-दर्शन का संदेश लेकर बंजार में हुआ विशाल हिंदू सम्मेलनआरएसएस की हीरक जयंती वर्ष पर विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत

फ्रंटपेज न्यूज़ बंजार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की हीरक जयंती के उपलक्ष्य में नगर बंजार स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर प्रांगण में भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से स्वयंसेवकों, महिलाओं, युवाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नीमू देवी, बंजार ईश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध बहन, ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि हिंदू धर्म केवल एक मत नहीं, बल्कि जीवन को सुव्यवस्थित और श्रेष्ठ बनाने वाली एक समग्र जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा—

“हिंदू धर्म की सभी शाखाओं का एक ही संदेश है—सदाचार, शिष्टाचार, उच्च विचार और समस्त प्राणियों के कल्याण को आधार बनाकर विश्व कल्याण की दिशा में आगे बढ़ना। जब विश्व में शांति और समरसता स्थापित होगी तभी ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना सार्थक होगी। यही हिंदू धर्म का मूल संदेश है।”

कार्यक्रम के संयोजक नवीन शास्त्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि विश्व को आदर्श जीवनशैली का संदेश केवल हिंदू धर्म ही दे सकता है, क्योंकि इसकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के हित की दिशा में मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने कहा कि “हिंदू धर्म जैसी व्यापक दृष्टि विश्व के किसी अन्य मत-संप्रदाय में दिखाई नहीं देती।”

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बंजार के जिला प्रमुख डॉ. राजकुमार ने कहा कि वर्ष 1925 में डॉ. हेडगेवार द्वारा स्थापित आरएसएस आज विश्वव्यापी स्वरूप ले चुका है। उन्होंने कहा—

“हिंदू धर्म हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक रहने वाले सभी प्राणियों को एक सूत्र में बांधने वाला धर्म है। चाहे कोई किसी भी जाति, संप्रदाय, मत, भाषा या लिंग का हो—हम सभी को हिंदू संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे आना चाहिए।”

डॉ. राजकुमार ने बताया कि हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर संघ वर्षभर कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्व-बोध और नागरिक कर्तव्य—इन पाँच प्रमुख आयामों पर राष्ट्रीय उत्थान के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा।
उन्होंने कहा कि ये पाँच परिवर्तन भविष्य के भारत को एक अधिक संगठित, जागरूक और कर्तव्यनिष्ठ समाज की ओर ले जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण के लिए संगठित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page