फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, राजकीय महाविद्यालय बंजार द्वारा सोमवार, 12 जनवरी 2026 को महान आध्यात्मिक चिंतक, राष्ट्रनिर्माता और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े उत्साह और प्रेरणादायी वातावरण में मनाया गया। शीतकालीन अवकाश के बावजूद महाविद्यालय के आसपास रहने वाले एनएसएस स्वयंसेवियों ने पूर्ण उत्साह और समर्पण के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ किया गया। इसके बाद “स्वामी विवेकानंद के विचार और आज का युवा” विषय पर भाषण, काव्यपाठ एवं नारा लेखन के माध्यम से स्वयंसेवियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

स्वयंसेवी कविता, मुस्कान और मीनाक्षी ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायी विचारों को चार्ट के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। वहीं तनु और उष्मा ने उनके जीवन दर्शन और युवाओं के लिए दिए गए संदेशों पर सारगर्भित भाषण प्रस्तुत कर सभी को प्रेरित किया।

काव्यपाठ और नाटिका ने बांधा समां
राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद के जीवन पर केंद्रित काव्यपाठ स्वयंसेवी घनेश्वरी और मीनाक्षी द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सभी स्वयंसेवियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति” विषय पर आधारित लघु नाटिका रही, जिसमें कविता, मीनाक्षी, उष्मा, तनु, मुस्कान और घनेश्वरी ने संयुक्त रूप से भाग लेकर स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवंत रूप में मंच पर प्रस्तुत किया।
सायंकाल होगा विशेष ऑनलाइन व्याख्यान
इसी कड़ी में एनएसएस इकाई द्वारा सायं 5:00 बजे एक विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें “स्वामी विवेकानंद के विचार तथा आज का युवा” विषय पर महिला एवं बाल विकास विभाग, शिमला में कार्यरत युवा वक्ता एवं चिंतक श्री हेम राज व्याख्यान देंगे।
बंजार के तीन युवा दिल्ली में कर रहे हिमाचल का प्रतिनिधित्व
गौरतलब है कि एनएसएस इकाई के तीन स्वयंसेवक — योग राज, साहिल और प्रांजल नेगी — वर्तमान में भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (राष्ट्रीय युवा महोत्सव) में बंजार और हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और आज माननीय प्रधानमंत्री के साथ संवाद कार्यक्रम का हिस्सा भी बन रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस इकाई ने यह संदेश दिया कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण और सेवा भाव की दिशा में प्रेरित करना ही स्वामी विवेकानंद को सच्ची श्रद्धांजलि है। स्थानीय स्तर पर युवाओं को राष्ट्रहित में जागरूक करने का यह प्रयास राष्ट्रीय युवा दिवस की भावना को साकार करने वाला सिद्ध हुआ।













