मौसम क्रिकेट ईरान इस्राइल युद्ध मेले और त्यौहार स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल आध्यात्मिक

बंजार बाश लीग सीजन-1 का भव्य समापन, डॉ. जोगिंदर सिंह ठाकुर रहे मुख्य अतिथि


फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार। बंजार क्षेत्र में युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित बंजार बाश लीग सीजन-1 (2026) का भव्य समापन और पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह, गरिमा और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजसेवी, प्रतिष्ठित व्यक्तित्व एवं पूर्व अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियन डॉ. जोगिंदर सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान आयोजक संस्था युवक मंडल बलागढ़ की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. जोगिंदर सिंह ठाकुर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें खेलों के प्रति उनके निरंतर सहयोग, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक सहभागिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. जोगिंदर सिंह ठाकुर ने युवाओं को “खेल बढ़ाओ, नशा भगाओ” का सशक्त नारा देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और चरित्र निर्माण का सशक्त जरिया भी हैं। उन्होंने युवाओं से नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया और कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज की नींव रखते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की स्थानीय खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
बंजार बाश लीग के इस पहले सत्र में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने भाग लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। फाइनल मुकाबले के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और पूरे आयोजन को एक उत्सव का रूप दे दिया।
कार्यक्रम के अंत में युवक मंडल बलागढ़ ने सभी खिलाड़ियों, दर्शकों, आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में इस लीग को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। बंजार बाश लीग सीजन-1 न केवल एक खेल आयोजन साबित हुआ, बल्कि यह युवाओं को जोड़ने, प्रेरित करने और सकारात्मक ऊर्जा देने का एक मजबूत मंच बनकर उभरा।

You cannot copy content of this page