मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

पलाच पंचायत में आयुष मेला, 332 लोगों ने लिया लाभ

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार, 

बंजार विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पलाच में आयुष विभाग द्वारा आयोजित आयुष मेले में स्थानीय लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयुष विभाग की ओर से उन्हें शॉल, भगवान गणेश की प्रतिमा तथा मोरिंगा का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध एवं होम्योपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आयुष पद्धतियां भारतीय चिकित्सा प्रणाली की प्राचीन और समृद्ध विरासत हैं, जो आज के समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही हैं।


मेले के दौरान आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में कुल 332 लोगों ने लाभ उठाया, जिसमें 74 लोगों की ब्लड शुगर तथा 98 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच की गई, जबकि बीपी सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को परामर्श देने के साथ-साथ आयुर्वेदिक औषधियां निःशुल्क वितरित की गईं।

इसके अतिरिक्त योग विशेषज्ञों ने लोगों को योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया तथा मोटे अनाज (मिलेट्स) के उपयोग और उनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में जागरूक किया गया। मेले में स्थानीय जड़ी-बूटियों की वैज्ञानिक खेती, उनके उपयोग और रोगों से बचाव के उपायों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई, साथ ही आयुर्वेद से संबंधित साहित्य और औषधीय पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर आयुष विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page