फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू/बंजार
आयुष विभाग, जिला कुल्लू द्वारा 25 मार्च को उपमंडल स्तर पर आयुष ग्राम मेले का आयोजन ग्राम पंचायत पलाहच में किया जा रहा है। इस अवसर पर यह एक बहुविशेषज्ञता चिकित्सक शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी
शिविर में रक्त जांच एवं मधुमेह (शुगर) परीक्षण की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी जाएगी।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा होंगे। वहीं विभाग की ओर से उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ तथा योग प्रशिक्षक भी उपस्थित रहेंगे।

डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि इस आयुष ग्राम मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आयुष पद्धति के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नि:शुल्क एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाएं।













