फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू
लाहुल-स्पीति। भारतीय जनता पार्टी जनजाति मोर्चा, लाहुल-स्पीति के जिला अध्यक्ष मंगल मनेपा ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी अखिलेश कपूर को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) में गैर-आधिकारिक सदस्य के रूप में नामित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। साथ ही उन्हें केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान, शिमला की संस्थान प्रबंधन समिति में दायित्व सौंपे जाने पर केंद्र सरकार और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।

मंगल मनेपा ने इस नियुक्ति को जनजातीय क्षेत्र के किसानों, विशेषकर आलू उत्पादकों के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि लाहुल-स्पीति की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है, जिसमें आलू उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद जैसी राष्ट्रीय संस्था में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व मिलने से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज अनुसंधान और बेहतर विपणन सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि अखिलेश कपूर का इस प्रतिष्ठित संस्था में शामिल होना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनके अनुभव और कार्यकुशलता से दुर्गम जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को नई दिशा मिलेगी और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
मंगल मनेपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास और वहां के नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

( विज्ञापन)
इस अवसर पर जनजाति मोर्चा लाहुल-स्पीति की जिला इकाई सहित केलंग मंडल अध्यक्ष उमेश कुमार, उदयपुर मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा और स्पीति मंडल अध्यक्ष तनज़ीन छुलिम समेत सभी पदाधिकारियों ने अखिलेश कपूर को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि अखिलेश कपूर कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में जनजातीय हितों की प्रभावी पैरवी करेंगे और किसानों के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।













