फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू।
हिमाचल प्रदेश के किसानों और बागवानों के लिए एक बड़ी और राहत भरी पहल के तहत कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश ने अहम अधिसूचना जारी की है। विभाग के अनुसार अब केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं से जुड़ी समस्त जानकारी Agristack पोर्टल के माध्यम से किसानों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएगी।
क्या है Agristack पोर्टल?
Agristack एक डिजिटल किसान रजिस्ट्री है, जिसके जरिए किसानों का डाटा सुरक्षित रूप से दर्ज किया जाएगा। इससे किसानों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक आसान और पारदर्शी हो जाएगी।
पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि Agristack पोर्टल पर पंजीकरण के लिए किसानों को निम्न दस्तावेजों की आवश्यकता होगी—
आधार कार्ड
आधार से लिंक मोबाइल नंबर
भूमि से संबंधित दस्तावेज (खसरा नंबर सहित)
किसान यह पंजीकरण अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र में जाकर करवा सकते हैं। इसके अलावा इच्छुक किसान स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण का तरीका
किसान कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
https://hpfmis.agristack.gov.in/farmer-registry-hp/
PM किसान लाभार्थियों के लिए अनिवार्य
कृषि विभाग ने विशेष रूप से बताया है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी लाभार्थियों के लिए Agristack पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
यदि किसान Agristack पोर्टल पर पंजीकरण नहीं करवाते हैं, तो भविष्य में उन्हें इस योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है।
कृषि विभाग की अपील
कृषि विभाग ने प्रदेश के सभी किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण पूरा करवाएं और इस महत्वपूर्ण जानकारी को अन्य किसानों तक भी साझा करें, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
अधिक जानकारी या सहायता के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि विकास कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
















