फ्रंट पेज न्यूज़ भून्तर/कुल्लू।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना भून्तर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जरड़ फोरलेन के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कार से 8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा वाहन संख्या HP-01B-7071 को नियमानुसार जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार दोनों युवकों के कब्जे से चिट्टा बरामद किया गया, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष (24) पुत्र प्रितम सिंह, निवासी गांव व डाकघर समोह, तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर तथा विशाल (26) पुत्र हंस राज, निवासी गांव व डाकघर गलमा, तहसील वल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस थाना भून्तर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 व 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के बाद अब बरामद नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार सख्ती के साथ जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
भून्तर में चिट्टे पर करारा वार: फोरलेन नाकाबंदी में कार से 8 ग्राम हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
On: January 25, 2026 1:32 PM
































