फ्रंट पेज न्यूज डेस्क सोमनाथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे के दूसरे दिन आस्था, शौर्य और विकास के अद्भुत संगम के साक्षी बने। शनिवार को वह विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने शौर्य यात्रा में भाग लिया और भगवान सोमनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

यह भव्य शौर्य यात्रा उन वीर योद्धाओं की स्मृति में निकाली गई थी, जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। इस यात्रा में 108 घोड़े शामिल थे, जो शौर्य, साहस और बलिदान के प्रतीक माने जाते हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी एक अलग ही अंदाज में नजर आए। उनके दोनों हाथों में डमरू थे और वे शिवभक्ति में लीन दिखाई दिए। यात्रा में भारी संख्या में शिवभक्तों की मौजूदगी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।

शौर्य यात्रा के बाद प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वह यहां आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर पर हुए विदेशी आक्रमणों, उनके विरुद्ध संघर्ष करने वाले वीरों के बलिदान और सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा मंदिर के पुनर्निर्माण की नींव रखे जाने जैसे ऐतिहासिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, अस्मिता और अदम्य साहस का प्रतीक है।
स्वाभिमान पर्व के बाद राजकोट रवाना
स्वाभिमान पर्व के समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी राजकोट के लिए रवाना हुए। दोपहर में उन्होंने मारवाड़ी विश्वविद्यालय, राजकोट में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के तहत ट्रेड शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके साथ ही कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस का औपचारिक शुभारंभ भी किया और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों को संबोधित किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने गुजरात के औद्योगिक विकास को नई गति देने वाली कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (GIDC) के 14 ग्रीनफील्ड स्मार्ट इंडस्ट्रियल एस्टेट विकसित करने की घोषणा की और राजकोट में जीआईडीसी के मेडिकल डिवाइस पार्क का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं गुजरात को मैन्युफैक्चरिंग और मेडिकल टेक्नोलॉजी का बड़ा हब बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।
अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 का उद्घाटन
शाम को प्रधानमंत्री अहमदाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन पर अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 के शेष हिस्से का उद्घाटन किया। यह नया मेट्रो खंड सेक्टर-10ए से महात्मा मंदिर तक फैला है, जिससे गांधीनगर और अहमदाबाद के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक और तेज सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था गुजरात के शहरी विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
आस्था, विरासत और विकास का संगम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह गुजरात दौरा आस्था, ऐतिहासिक चेतना और आधुनिक विकास—तीनों का अद्भुत संगम बनकर सामने आया। एक ओर उन्होंने सोमनाथ की धरती से भारत के गौरवशाली इतिहास और वीरता की याद दिलाई, तो दूसरी ओर राजकोट और अहमदाबाद में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर भविष्य की मजबूत नींव रखने का संदेश दिया।




























