फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू।
कुल्लू जिले में साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कुल्लू डिस्ट्रिक्ट वॉटर स्पोर्ट्स एंड एलाइड एक्टिविटी सोसाइटी, लारजी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने की।

बैठक में लारजी वाटर स्पोर्ट्स सेंटर एवं उससे जुड़े कैफेटेरिया के संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उद्देश्य यह रहा कि केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ पर्यटकों को मिल सके और लारजी को जिले के प्रमुख पर्यटन व साहसिक गतिविधि केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वाटर स्पोर्ट्स सेंटर का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल होना चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो।
उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने सेंटर एवं कैफेटेरिया के संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सोसाइटी के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि लारजी क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध ढंग से विकसित कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।
बैठक का संचालन सोसाइटी के सदस्य सचिव एवं जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी शर्मा, पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान, एसडीएम पंकज शर्मा, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, पर्यटन विभाग के अधिकारी तथा सोसाइटी के गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि लारजी वाटर स्पोर्ट्स सेंटर को जिले के अन्य पर्यटन स्थलों से जोड़ते हुए इसे एक आकर्षक पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे कुल्लू की पर्यटन अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिल सके।




























