फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू।
जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर 22 दिसंबर 2025 से 28 दिसंबर 2025 तक उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर के समापन समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य प्रताप ठाकुर ने की।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजकुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का शुभारंभ प्रथम दिन सेवानिवृत्त प्राचार्य फतेह सिंह नेगी द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और सामाजिक भूमिका से अवगत करवाते हुए समाज सेवा व राष्ट्र सेवा से जुड़ने का आह्वान किया।
शिविर के दूसरे दिन सुखराम सिंह (बैंक मैनेजर/सलाहकार), दीपांशु एवं शुसेन शर्मा ने विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं, शिक्षा ऋण की प्रक्रिया तथा साइबर अपराधों से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।

तीसरे दिन जिला समन्वयक एनएसएस बहादुर सिंह एवं मेहर चंद ने संसाधन व्यक्ति के रूप में सहभागिता निभाई। सत्र में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण जैसे मूल उद्देश्यों पर प्रेरक चर्चा हुई।
चौथे दिन कार्तिक एवं भूपेंद्र सिंह द्वारा परेड अभ्यास करवाया गया, जिसमें स्वयंसेवियों ने अनुशासन और तालमेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके उपरांत संदीप शर्मा, (कंज़र्वेटर ऑफ फॉरेस्ट) ने पर्यावरण संरक्षण, वनों का महत्व, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने नैतिक मूल्यों को अपनाने पर भी विशेष बल दिया। उल्लेखनीय है कि संदीप शर्मा स्वयं नवोदय विद्यालय पांडोह के पूर्व छात्र रहे हैं और उन्होंने विद्यार्थियों को सिविल सेवा संबंधी करियर काउंसलिंग भी प्रदान की।
पाँचवें दिन स्वयंसेवियों ने गोद लिए गए गांव में जागरूकता रैली निकाली तथा व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान गांव के मंदिर परिसर की विशेष रूप से सफाई की गई। बौद्धिक सत्र में सेवानिवृत्त प्राध्यापक शिव कुमार सूर्य ने साहित्यिक संगोष्ठी का आयोजन किया और मानसिक स्वास्थ्य पर सारगर्भित चर्चा की।
छठे दिन राष्ट्रीय सेवा योजना वाटिका एवं विद्यालय परिसर की सफाई की गई। बौद्धिक सत्र में वंदना बोध, प्रवक्ता (जीवविज्ञान) ने मानसिक स्वास्थ्य, संवेदनशीलता और सामाजिक मूल्यों पर विस्तारपूर्वक व्याख्यान दिया।
सातवें एवं अंतिम दिन प्राचार्य प्रताप ठाकुर ने विद्यार्थियों को सेवा भावना अपनाने, नशे से दूर रहने तथा जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवियों को सम्मानित किया गया, जिसमें राहुल कुमार ने प्रथम, अविनाश ने द्वितीय तथा करमा शेरिंग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजकुमार शर्मा ने शिविर की सफलता के लिए सभी स्वयंसेवियों, अतिथियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त




























