फ्रंट पेज न्यूज़ (प्रमेश शर्मा),बंजार।
लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग-305 (एनएच-305) के सुधार और टारिंग कार्य ने अब गति पकड़ ली है। वर्षों से औट से घयागी तक सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी।

हालांकि अब बंजार से घयागी तक सड़क पर एज-टू-एज टारिंग का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जबकि बंजार से औट की ओर विभिन्न स्थानों पर पैंचवर्क और मरम्मत कार्य चल रहा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मौसम की अनुकूल परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाकर निर्माण कार्य को और अधिक गति देने की आवश्यकता है। बंजार घाटी का मौसम अक्सर अनिश्चित रहता है और किसी भी समय बारिश शुरू हो सकती है। ऐसे में वर्तमान मौसम के दौरान सड़क निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना अत्यंत आवश्यक माना जा रहा है।

एनएच-305 केवल बंजार उपमंडल ही नहीं बल्कि पर्यटन, व्यापार और परिवहन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। जालोरी दर्रा, तीर्थन घाटी और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच का मुख्य मार्ग होने के कारण इस सड़क पर वर्षभर भारी यातायात बना रहता है। पर्यटन सीजन के दौरान वाहनों का दबाव और बढ़ जाता है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन सुनिश्चित करना निर्माण एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। लंबे अंतराल के बाद सड़क पर व्यापक स्तर पर टारिंग कार्य हो रहा है और यदि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो इसका दूरगामी प्रभाव क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और सड़क की आयु पर पड़ सकता है।

हालांकि वर्तमान में टारिंग कार्य प्रगति पर है, लेकिन एनएच-305 के पूर्ण स्वरूप को लेकर अभी भी कई सवाल बने हुए हैं। बंजार से घयागी तक सड़क पर व्यापक टारिंग की जा रही है, लेकिन बंजार से औट खंड में अब भी सड़क का पूर्ण चौड़ीकरण नहीं हो पाया है। इसका प्रमुख कारण भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया का लंबे समय से लंबित होना है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जब तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं होती और सड़क चौड़ीकरण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) धरातल पर नहीं उतरती, तब तक एनएच-305 को उसके वास्तविक राष्ट्रीय राजमार्ग स्वरूप में देखना संभव नहीं होगा।

शर्मा बर्तन और जनरल स्टोर बंजार।
उनका तर्क है कि यातायात और पर्यटन गतिविधियों के लिहाज से यह मार्ग किसी व्यस्त राज्य राजमार्ग या बड़े राष्ट्रीय मार्ग से कम नहीं है, लेकिन आधारभूत संरचना अभी भी उस स्तर तक नहीं पहुंच पाई है जिसकी अपेक्षा एक राष्ट्रीय राजमार्ग से की जाती है।
उल्लेखनीय है कि इस मार्ग को बेहतर बनाने के लिए वर्षों से स्थानीय जनता, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार आवाज उठाई जाती रही है।
इसके बावजूद अभी तक सड़क के कई महत्वपूर्ण हिस्सों में चौड़ीकरण और स्थायी सुधार कार्य अधूरे हैं।

निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा भी समय-समय पर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और सुचारू रूप से आगे बढ़े।

स्थानीय जनता को उम्मीद है कि वर्तमान में चल रहे कार्य केवल टारिंग तक सीमित न रहें, बल्कि भूमि अधिग्रहण, चौड़ीकरण और अन्य अधोसंरचनात्मक सुधारों को भी शीघ्र अमलीजामा पहनाया जाए, ताकि एनएच-305 वास्तव में अपने पूर्ण स्वरूप में विकसित होकर क्षेत्र के विकास और पर्यटन गतिविधियों को नई गति प्रदान कर सके।









